जबलपुर, 11 सितंबर । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में घर से नाराज होकर ट्रेन से निकली 20 वर्षीय युवती को जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर शुक्रवार को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवती मानिकपुर, चित्रकूट स्थित अपने घर से नाराज होकर ट्रेन क्रमांक 12321 से रवाना हुई थी।
जीआरपी थाना जबलपुर को युवती के ट्रेन से निकलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ ने तलाश कर युवती को सकुशल बरामद कर जीआरपी थाने पहुंचाया। यहां महिला आरक्षक आकृति मिश्रा की देखरेख में उसे सुरक्षित रखा गया।
पूछताछ के दौरान युवती ने अपने परिजनों का मोबाइल नंबर पुलिस को बताया। जीआरपी ने उक्त नंबर पर संपर्क कर उसके पिता को सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद परिजन जीआरपी थाना जबलपुर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक तस्दीक और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद युवती को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया।
बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने जीआरपी की तत्परता के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, महिला आरक्षक आकृति मिश्रा, प्रधान आरक्षक स्नेह पटेल, प्रधान आरक्षक वीरान महोबिया और प्रधान आरक्षक परशुराम यादव की भूमिका रही।