जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का किया त्रैमासिक निरीक्षण

Share

दरभंगा, 10 सितंबर । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला दंडाधिकारी कौशल कुमार ने गुरुवार को ईवीएम एवं वीवीपैट वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दरभंगा समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस के आंतरिक परिसर, गोदाम की व्यवस्था तथा सुरक्षित रखे गए ईवीएम एवं वीवीपैट का अवलोकन किया। इसके बाद बहादुरपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का भी निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा एवं भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान ईवीएम-वीवीपैट के सुरक्षित रख-रखाव, गोदाम की आंतरिक स्थिति तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार उपस्थित थे।

मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की ओर से देवेंद्र कुमार झा, राहुल कुमार कर्ण, विनय पासवान, बसंत कुमार झा, सत्यनारायण पासवान, जवाहर लाल शर्मा एवं रामकिशोर पांडे सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।