पलामू, 09 सितंबर । पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र के रेडमा चौक पर एक नवविवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। महिला का शव फंदे पर लटका मिला। उसकी शादी 10 माह पूर्व हुई थी। मायके के लोगों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। उसकी पहचान रेडमा चौक निवासी वैष्णवी देवी पति सूरज गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के समय पति निजी अस्पताल में किसी परिचित को खाना देने गए थे। बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11 बजे वैष्णवी देवी का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला। परिजन उन्हें आनन फानन में मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुराल पक्ष के लोग यहां से डेड बॉडी ले जाने लगे लेकिन पुलिस चौकी के जवानों ने परिजनों को रोका और पोस्टमार्टम के बाद ही शव ले जाने की सलाह दी। इसी बीच ससुराल पक्ष के लोगों ने घटना की सूचना मायके वालों को दी। बुधवार सुबह पहुंचे मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया।
मृतका की मामा जीतेंद्र के अनुसार मंगलवार रात 9 बजे वैष्णवी का उसकी माँ से सामान्य बातचीत हुई थी और उसने कोई परेशानी नहीं बताई थी। सुबह सुबह अचानक उसकी खुदकुशी कर लेने की खबर मिलना संदेहास्पद लगता है।
परिजनों का आरोप है कि कम दहेज को लेकर वैष्णवी को अक्सर प्रताड़ित किया जाता था और इसी कारण ही उसकी हत्या कर खुदकुशी का रूप दिया गया है। वैष्णवी जन्माष्टमी से दो दिन पहले मायके से ससुराल आई थी। मायके उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के थाना औडिमोड क्षेत्र में है।
इस संबंध में शहर थाना पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। वैष्णवी की शादी दिसंबर 2025 में हुई थी। पति की रेडमा चौक पर फ़ोटो कॉपी की दुकान है। पति ने जानकारी दी की मंगलवार रात पांच लोगों का खाना बनाकर गंगा हॉस्पिटल में पहुंचाने गए थे। वैष्णवी ने ही खाना पकाया था उसके जाने के बाद यह घटना हुई।