जयपुर, 09 सितंबर । राजस्थान में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने से अगले तीन दिन प्रदेश में बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने पर 12 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 12 और 13 सितंबर को इसका असर मध्यप्रदेश से सटे राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में देखने को मिल सकता है।
मानसून के कमजोर पड़ने के साथ ही अब प्रदेश में इसकी विदाई के संकेत भी दिखाई देने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मौजूदा परिस्थितियां बनी रहीं तो अगले सप्ताह से राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई शुरू हो सकती है। राजस्थान से मानसून की सामान्य विदाई की तारीख 17 सितंबर मानी जाती है।
सितंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होने के बावजूद प्रदेश में गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही है। बारिश की गतिविधियां कम होने और आसमान साफ रहने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। प्रदेश के 10 शहरों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ ही इलाकों में हल्की बारिश हुई। अलवर के प्रतापगढ़ क्षेत्र में 2 मिलीमीटर, दौसा के निर्झारना में 3 मिलीमीटर, भरतपुर के जुरहरा में 11 मिलीमीटर और कामां में 10 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा और दिनभर धूप खिली रही।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिन पश्चिमी राजस्थान में बारिश की संभावना बेहद कम है, जबकि बंगाल की खाड़ी में बनने वाला नया सिस्टम पूर्वी राजस्थान के लिए कुछ राहत ला सकता है। ऐसे में प्रदेश में मानसून का अंतिम दौर अब सीमित बारिश के साथ गुजरने के आसार हैं।