गंगा का जलस्तर फिर बढ़ा, चेतावनी निशान से 60 सेंटीमीटर ऊपर

Share

कानपुर, 09 सितंबर । कानपुर में गंगा का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ा है। बैराज पर बुधवार को अपस्ट्रीम में जलस्तर 114.600 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी निशान 114 मीटर से 60 सेंटीमीटर ऊपर है। यह खतरे के निशान 115 मीटर से 40 सेंटीमीटर नीचे है। बैराज से गंगा में पानी का डिस्चार्ज भी बढ़कर 4,04,405 क्यूसेक पहुंच गया है।

मंगलवार की तुलना में कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम जलस्तर में 19 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को यह 114.410 मीटर था। इसी तरह डाउनस्ट्रीम जलस्तर 114.090 मीटर से बढ़कर 114.270 मीटर पहुंच गया है। इसमें 18 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। बैराज से पानी का डिस्चार्ज भी मंगलवार के 3,82,701 क्यूसेक के मुकाबले 21,704 क्यूसेक बढ़ गया है।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। तटीय और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां बनाए रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर बढ़ा है। यहां जलस्तर 112.960 मीटर दर्ज किया गया, जो मंगलवार के 112.820 मीटर के मुकाबले 14 सेंटीमीटर अधिक है। हालांकि यह चेतावनी स्तर 113 मीटर से अभी चार सेंटीमीटर नीचे है और खतरे के निशान 114 मीटर से 1.04 मीटर नीचे है।

हरिद्वार बैराज से पानी के डिस्चार्ज में कमी दर्ज की गई है। मंगलवार को 1,12,979 क्यूसेक के मुकाबले बुधवार को 93,512 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, यानी 19,467 क्यूसेक की कमी हुई। वहीं नरोरा बैराज से डिस्चार्ज 1,05,633 क्यूसेक से बढ़कर 1,11,969 क्यूसेक पहुंच गया है। इसमें 6,336 क्यूसेक की बढ़ोतरी हुई है।

गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन की ओर से तटीय इलाकों और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।