नूंह: दुष्कर्म केस से नाम हटाने की एवज में 50 हजार लेते थाना प्रभारी गिरफ्तार

Share

नूंह, 07 सितंबर । हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने सोमवार को पुन्हाना सिटी थाना प्रभारी कुंदन सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम ने आरोपी थाना प्रभारी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, पिनगवां थाना क्षेत्र में दर्ज एक दुष्कर्म मामले की जांच पुन्हाना सिटी थाना भेजी गई थी। आरोप है कि मामले में नाम हटाने की एवज में थाना प्रभारी ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत विजिलेंस ब्यूरो तक पहुंचने के बाद टीम ने मामले की पुष्टि कर कार्रवाई की योजना बनाई।

बताया गया है कि तय सौदे के तहत रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए जाने थे। सोमवार को शिकायतकर्ता द्वारा रुपये दिए जाने के दौरान विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी कुंदन सिंह को रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। टीम मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि रिश्वत की मांग और लेनदेन में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

थाना प्रभारी की गिरफ्तारी की सूचना सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी चर्चा शुरू हो गई। नूंह जिले में इससे पहले भी विजिलेंस द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया जा चुका है।