सागर : जहरीली शराब से अब तक 22 लोगों की मौत, ठेकेदार समेत 30 पर FIR, 10 गिरफ्तार

Share

सागर, 07 सितंबर । मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक कुल 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 112 से अधिक मरीजों का इलाज सागर जिला अस्पताल और भोपाल में जारी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य ठेकेदार समेत 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिनमें से 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सोमवार सुबह इलाज के दौरान महेश रावत (55), श्याम बाई अहिरवार (50) और कृष्ण कुमार लोधी की भी मौत हो गई। इससे पहले एयरलिफ्ट कर भोपाल लाए गए रामप्रसाद लोधी की रविवार देर रात मौत हुई, जबकि उनके पिता गोविंद लोधी ने रविवार को ही दम तोड़ दिया था। रामप्रसाद का छोटा भाई भूरे लोधी अभी सागर अस्पताल में भर्ती है। इसके अलावा गूगरा खुर्द के भगवान सिंह (35), खटोरा के गोपाल आदिवासी (40) और मुड़ना निवासी देश कुमार लोधी की भी मौत हो चुकी है।

शुरुआती जांच के अनुसार, सप्लाई की गई शराब में मेथेनॉल की मिलावट पाई गई । मेथेनॉल एक जहरीला रासायनिक पदार्थ है, जिसका इस्तेमाल औद्योगिक सॉल्वेंट और ईंधन में किया जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक, नौराज ग्राम पंचायत के ततरवारा गांव में लंबे समय से अवैध शराब बनाने का धंधा चल रहा था।

घटना में जान गंवाने वाले सभी 22 मृतक सुमेर सिंह दांगी (47), गोविंद सिंह (62), गोलू लोधी (45), उजियार सिंह (56), दिग्विजय लोधी (28), कम्मू (50), करतार सिंह (30), रामप्रसाद सिंह लोधी, राजेंद्र लोधी (32), रोशन लोधी (30), हरनाम राय (42), सचिन (25), कुलदीप दांगी (20), राजकुमार लोधी (47), सुरेंद्र अहिरवार (35), उत्तम नत्थू नायक (42), महेश रावत (55), कृष्ण कुमार लोधी, श्याम बाई अहिरवार (50), भगवान सिंह (35), देश कुमार लोधी, गोपाल आदिवासी (40) आदि।

सागर एसपी अनुराग सुजानिया के अनुसार, बंडा और बिनायका थाने में 25 से अधिक नामजद और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है जिनमें जुझार लोधी (दुकानदार), दिनेश सिंह, सौरभ लोधी, गोविंद लोधी, मनोहर लोधी, यशवंत ठाकुर (लाइसेंसी ठेकेदार), मनीष लोधी, आशीष साहू, आकाश राय, रहीम खान, सत्यम, आशाराम, अरविंद, रोहित, माखन, अनिकेत गंधर्व, विशाल लोधी, मंगल रजक, विशाल लोधी व (अन्य)। राजा सिंह, सिद्धार्थ कुशवाहा (लाइसेंसी ठेकेदार), राम सिंह लोधी, चंद्रभान राजपूत, अरविंद यादव, भगवान सिंह, मान सिंह अहिरवार, रविंद्र एवं अन्य सहयोगी व सप्लायर।

बंडा क्षेत्र में पक्ष-विपक्ष के नेताओं का लगातार आना जाना हो रहा है जिनमें उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित सागर जिले के सभी विधायक एवं सांसद प्रमुख रूप से पहुंचे हैं।

मप्र के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कड़ी कार्रवाई करने की बात कही एवं प्रशासन ने बंडा जहरीली शराब कांड पर कार्रवाई करते हुए फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर अटैच किया साथ ही कीर्ति दुबे, सहायक आयुक्त आबकारी सागर ,दिलीप खंडाते सहायक जिला आबकारी अधिकारी सागर, प्रोशनी उरेती आबकारी उप निरीक्षक वृत बंडा, बंडा थाना प्रभारी व गूगरा चौकी प्रभारी को प्रभाव से निलंबित किया गया है।

सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। इसके लिए अनुविभागीय दण्डाधिकारी जैसीनगर को जांच अधिकारी बनाया गया है। जांच टीम घटना के कारणों, अमानक शराब के स्रोत और प्रशासनिक/नियामकीय स्तर पर हुई किसी भी तरह की लापरवाही की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।