झारखंड पुलिस ने सिरदला से तीन अपराधियों को किया गिरफ्तार

Share

नवादा, 30 अगस्त । नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के खनपुरा पंचायत के परतापुर गांव में रविवार को झारखंड पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र स्थित जमामो मंदिर में श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन चोरी के मामले में हुई।

गिरफ्तार लोगों में परतापुर निवासी विक्की मिश्रा के पुत्र ट्विंकल मिश्रा, उनकी पत्नी मुस्कान कुमारी और सावित्री देवी शामिल हैं। तिसरी पुलिस तीनों को सिरदला थाना लेकर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपने साथ झारखंड ले गई।

झारखण्ड के तिसरी थानाध्यक्ष शंभुनंद मिश्रा के अनुसार, जमामो मंदिर में तीन महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन चोरी की शिकायत मिली थी। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को एक संदिग्ध महिला की पहचान करने में सफलता मिली।

पुलिस ने बिहार के सिरदला थाना क्षेत्र स्थित परतापुर गांव की अंशु कुमारी को पकड़ा। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई।

थानाध्यक्ष के अनुसार, तिसरी थाना में दर्ज सनहा संख्या 19 के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम रविवार को सिरदला थाना क्षेत्र के परतापुर गांव पहुंची। सिरदला पुलिस से समन्वय स्थापित कर गांव में कार्रवाई की गई और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में बिहार और झारखंड के बीच कनेक्शन सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जमामो मंदिर में हुई चेन चोरी की घटना में गिरफ्तार लोगों की भूमिका क्या थी और इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही चोरी की गई सोने की चेन की बरामदगी को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

जमामो मंदिर में भादो के पहले शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भीड़ का फायदा उठाकर चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की आशंका के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर रही थी। तिसरी पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा परतापुर गांव तक पहुंच गया है। पुलिस गिरफ्तार तीनों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।