सारण, 30 अगस्त ।दिघवारा प्रखंड के अवतारनगर थाना क्षेत्र के आमी कर्मवारी पट्टी स्थित नमामि गंगे घाट पर रविवार को नहाने के दौरान 18 वर्षीय युवक गंगा की तेज धारा में बहकर लापता हो गया। वहीं उसका चचेरा भाई बाल-बाल बच गया।
लापता युवक की पहचान दिघवारा के सैदपुर ककड़ियां निवासी सुमन सिंह के पुत्र कृष कुमार उर्फ मोनू के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि कृष बाल कटवाने के बाद चचेरे भाई के साथ आमी घाट पर नहाने गया था। तभी दोनों तेज धारा की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन कृष पानी के तेज बहाव में बह गया।
सूचना मिलते ही दिघवारा सीओ मिट्ठू प्रसाद और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। सीओ की पहल पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने नदी में खोजबीन शुरू की, लेकिन देर शाम तक युवक का सुराग नहीं मिल सका।
घटना के बाद माता-पिता और भाई समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।