नैनीताल, 26 अगस्त । नैनीताल ताइक्वांडो क्लब की खिलाड़ी विशाखा राजपूत ने बिजनौर उत्तर प्रदेश में आयोजित नॉर्थ जोन सीबीएसई ताइक्वांडो प्रतियोगिता में 52 से 55 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर नैनीताल का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के साथ विशाखा का अपने भार वर्ग में आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन भी हो गया है।
विशाखा मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर नैनीताल की कक्षा 11 की छात्रा हैं। उनकी सफलता पर क्लब के अध्यक्ष विश्वकेतु वैद्य, कोच विनोद कुमार वैद्य एवं भूमिका, क्लब के संरक्षक एवं सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, नैनीताल छावनी परिषद की सीईओ तनु जाट, बहादुर रौतेला, डॉ. मनोज बिष्ट, जगदीश बवाड़ी, मनोज जोशी, गोविंद प्रसाद, विक्की, प्रगति जैन, जीवंती भट्ट, गजाला कमाल, मानसी बर्गली सहित क्लब के सदस्यों एवं खिलाड़ियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।