खूंटी , 25 अगस्त । तोरपा विधानसभा क्षेत्र के पवित्र आम्रेश्वर धाम पहुंचकर विधायक सुदीप गुड़िया ने मंगलवार को भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद विधायक ने कहा कि आम्रेश्वर धाम क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ हमारी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है। यहां पहुंचकर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से क्षेत्र के प्रत्येक परिवार में खुशहाली आए और सभी का जीवन सुखमय बने, यही उनकी प्रार्थना है।
विधायक ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उन्हें बेहतर अवसर मिलने की भी कामना की। उन्होंने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करे और हर वर्ग के लोगों को विकास की योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ वे लगातार जनता के बीच रहकर कार्य करते रहेंगे। क्षेत्र की सुख-समृद्धि, विकास और जनता के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।