दिल्ली नगर निगम के राजभाषा विभाग ‘हिंदी प्रतियोगिता 2026-27’ का किया आयोजन

Share

नई दिल्ली, 21 अगस्त । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के राजभाषा विभाग ने निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘हिंदी प्रतियोगिता 2026-27’ का आयोजन किया। दो दिवसीय इस आयोजन के अंतर्गत 20 एवं 21 अगस्त को विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर निबंध लेखन, टिप्पणी एवं आलेखन, सुलेख तथा हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को हिंदी भाषा में अपनी रचनात्मकता, लेखन क्षमता, भाषा-ज्ञान एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रथम पुरस्कार 4,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 2,000 रुपये तथा पांच सांत्वना पुरस्कार 1,000 रुपये प्रत्येक प्रदान किए जाएंगे।

दिल्ली नगर निगम के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित इस पहल का उद्देश्य निगम के कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के सरल, सहज एवं प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित करना है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने के साथ-साथ निगम के दैनिक कामकाज में राजभाषा के प्रयोग को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस आयोजन के माध्यम से निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह संदेश दिया गया कि हिंदी में कार्य करना केवल राजभाषा नीति का अनुपालन ही नहीं, बल्कि नागरिकों के साथ सरकारी सेवाओं एवं सूचनाओं को अधिक सहज और प्रभावी ढंग से जोड़ने का माध्यम भी है।