जगदलपुर, 20 अगस्त । नगर पालिक निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने बताया कि नगर निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कांग्रेस पार्षद दल द्वारा 19 अगस्त को शहीद पार्क का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पार्क में बढ़ी हुई घास एवं साफ-सफाई की समस्या को लेकर आम नागरिकों की शिकायत सामने आई। कांग्रेस पार्षद दल ने तत्काल इस समस्या को नगर निगम के संज्ञान में लाया।
कांग्रेस पार्षद दल के निरीक्षण के अगले ही दिन आज गुरुवार को शहीद पार्क में घास कटाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। इससे यह स्पष्ट है कि आम जनता की मांग पर प्रतिपक्ष द्वारा की गई पहल के बाद नगर निगम को कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि शहीद पार्क में घास कटाई का कार्य शुरू होना जनता की मांग और कांग्रेस पार्षद दल की पहल की सफलता है।
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि शहीद पार्क शहर का महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है। यहां नियमित रूप से नागरिक, बच्चे और बुजुर्ग आते हैं। इसके बावजूद पार्क की घास लंबे समय तक नहीं काटी गई और रखरखाव की ओर नगर निगम का पर्याप्त ध्यान नहीं रहा। उन्हाेने कहा कि महापौर शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित कराने में विफल साबित हो रहे हैं।
कांग्रेस पार्षद दल द्वारा नगर निरीक्षण कार्यक्रम के माध्यम से लगातार वार्डों और सार्वजनिक स्थलों की समस्याओं को सामने लाया जा रहा है। जनता की शिकायतों और मांगों को लेकर प्रतिपक्ष लगातार आवाज उठाता रहेगा। नगर निगम को केवल निरीक्षण और शिकायतों के बाद ही नहीं, बल्कि नियमित रूप से शहर के उद्यानों, सड़कों, नालियों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का रखरखाव सुनिश्चित करना चाहिए।