तुलसी जयंती पर रामचरित मानस का हुआ बखान, श्री मानस समिति ने मनाई तुलसीदास जयंती

Share

धमतरी, 20 अगस्त । सावन मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को महान संत, कवि एवं रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की 529वीं जयंती मानस भवन जोधापुर धमतरी में श्री मानस समिति द्वारा धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

बुधवार शाम छह बजे कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भागवताचार्य एवं कथावाचक आचार्य पंडित अनिल तिवारी, अध्यक्ष लखमशी भाई भानुशाली, विशेष अतिथि नगर पालिक निगम धमतरी की सभापति कौशिल्या देवांगन, रीता बंजारे, महेंद्र राजपुरिया, झुमुकलाल साहू, नरेन्द्र कुमार मिश्रा एवं ओमप्रकाश महावर ने गोस्वामी तुलसीदास के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर संगीत संध्या मंडली अरमरीकला जिला बालोद के संगीतकार धरमदास मानिकपुरी, विनोद कलिहारी, सत्यनारायण विश्वकर्मा, ओमप्रकाश साहू एवं किरण गंगबेर ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

आचार्य पंडित अनिल तिवारी ने कहा कि तुलसीदास ने संस्कृत के महाकाव्य को आम जनमानस की अवधी भाषा में रामचरितमानस के रूप में उपलब्ध कराया। उनकी चौपाइयों में जीवन की विभिन्न समस्याओं और उनके निवारण के उपायों का वर्णन मिलता है। उन्होंने “गुरु गृह गए पठन रघुराई, अल्प काल विद्या सब आई” चौपाई का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें शिक्षा, बुद्धि, स्मरण शक्ति सहित जीवन के विभिन्न पहलुओं से जुड़े सकारात्मक संदेश मिलते हैं। तुलसी द्वारा रचित हनुमान चालीसा जीवन में शांति, शक्ति और निडरता प्रदान करने वाली रचना है।

तुलसीदास ने धर्म और साहित्य के क्षेत्र में महान कार्य किया तथा रामचरितमानस सहित कुल 12 ग्रंथों की रचना की। कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव नन्दलाल यादव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में भीमसेन ध्रुव प्रधानाचार्य, धनंजय साहू, राकेश साहू, विद्या धर दीवान, कार्तिक साहू, गिरधर गजेन्द्र, पवन गजेन्द्र, लक्ष्मी कांत गजेन्द्र, कामनी निषाद, कामिनी सेन, रंजना साहू, रुचि देवांगन, हर्षलता मगेन्द्र, सीमा साहू और हेमलता साहू का सहयोग रहा।