कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने को विवश बच्चे, ग्रामीणों ने विधायक से लगाई सड़क निर्माण की गुहार

Share

खूंटी , 18 अगस्त । रनिया प्रखंड की ताम्बा ग्राम पंचायत अंतर्गत हरासुकु गांव से धोधरौली तक जाने वाला करीब तीन किलोमीटर का मार्ग इन दिनों ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण पूरा रास्ता कीचड़ और फिसलन में तब्दील हो चुका है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित है।

सबसे खराब स्थिति रनिया-ताम्बा मुख्य पथ से मात्र 300 फीट दूर स्थित एएसके इंग्लिश मीडियम स्कूल जाने वाले रास्ते का है। रोज सुबह बच्चों को कीचड़, फिसलन और बहते गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। हालात इतने गंभीर हैं कि अभिभावक मुख्य सड़क पर खड़े होकर बच्चों को बिना गिरे सुरक्षित स्कूल पहुंचाने की चिंता में डूबे रहते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश में स्थिति बेकाबू हो जाती है। राहत के नाम पर कुछ जगहों पर मोरम-मिट्टी डाली गई थी और ग्रामीणों ने खुद श्रमदान कर ईंटें बिछाकर पैदल चलने लायक रास्ता बनाने की कोशिश की। हालांकि, ये तमाम प्रयास नाकाफी साबित हुए हैं और समस्या जस की तस बनी हुई है।

इलाके में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है और इसका सबसे ज्यादा असर छोटे-छोटे बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया से गुहार लगाते हुए क्षेत्र में जल्द से जल्द पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में यह स्थिति और भी भयावह हो सकती है।