समयपालन में फिर नंबर-1, कोटा मंडल ने रचा नया रिकॉर्ड

Share

काेटा, 17 अगस्त । कोटा मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे ने समयपालन के क्षेत्र में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए मेल/एक्सप्रेस गाड़ियों में 100 प्रतिशत समयपालन हासिल कर भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वित्तीय वर्ष 2026-27 में यह कोटा मंडल की 6वीं बार 100 प्रतिशत समयपालन की उपलब्धि है। लगातार बेहतर प्रदर्शन के साथ कोटा मंडल ने समयबद्ध और सुचारू रेल संचालन के क्षेत्र में अपनी मजबूत कार्यप्रणाली को एक बार फिर साबित किया है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोटा मंडल ने इससे पहले 04 मई, 05 मई, 27 मई, 29 जून और 08 अगस्त 2026 को भी मेल/एक्सप्रेस गाड़ियों में 100 प्रतिशत समयपालन हासिल किया था। 13 अगस्त की उपलब्धि के साथ मंडल ने छठीं बार शत-प्रतिशत समयपालन दर्ज किया। विशेष रूप से 04 मई और 08 अगस्त 2026 को 100 प्रतिशत समयपालन के साथ कोटा मंडल भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान पर रहा था।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने साेमवार काे बताया कि 13 अगस्त को 100 प्रतिशत समयपालन के साथ भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान हासिल करना मंडल में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के सुरक्षा, समयपालन और यात्री सेवा के प्रति निरंतर समर्पण का परिणाम है। नियंत्रण कक्ष में सक्रिय निगरानी, स्टेशनों पर सटीक परिचालन योजना तथा फील्ड स्तर पर त्वरित क्रियान्वयन के कारण पूरे दिन गाड़ियों का परिचालन सुचारू रहा और किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि समयपालन को बेहतर बनाए रखने के लिए नियंत्रण कक्ष, स्टेशन और परिचालन से जुड़े फील्ड स्टाफ के बीच लगातार समन्वय रखा जाता है। परिचालन परिस्थितियों की नियमित निगरानी कर आवश्यक निर्णय समय पर लिए जाते हैं, जिससे गाड़ियों का निर्बाध एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित हो सके।

कोटा मंडल का लगातार 100 प्रतिशत समयपालन हासिल करना यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। समय पर चलने वाली गाड़ियों से यात्री अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकते हैं और निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। साथ ही, आगे की यात्रा, कनेक्टिंग ट्रेन या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी उन्हें सुविधा मिलती है।

कोटा मंडल यात्रियों को समयबद्ध, सुरक्षित और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।