अमेठी, 15 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न पदकों एवं प्रशस्ति पत्रों से सम्मानित किया गया है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह (गोल्ड) प्रदान किया गया है। उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए यह सम्मान दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय अमेठी से प्राप्त सूची में निरीक्षक श्याम नारायण पाण्डेय को राष्ट्रपति पदक प्रदान किया गया है। निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक तथा पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह (सिल्वर) मिला है। निरीक्षक विवेक कुमार सिंह को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह (गोल्ड) प्रदान किया गया है। इसके अलावा निरीक्षक पंकज कुमार द्विवेदी को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह, रेडियो निरीक्षक रूपक कुमार सिन्हा को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह (सिल्वर), उपनिरीक्षक शेख नईम तथा आरक्षी जगाराम यादव को सराहनीय सेवा सम्मान एवं पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया गया है।
यूपी-112 में तैनात मुख्य आरक्षी हरिओम उपाध्याय, महिला मुख्य आरक्षी प्रमिला तिवारी, आरक्षी कौशिक सिंह और होमगार्ड चालक पवन कुमार सरोज को पुलिस महानिदेशक यूपी-112 का प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। वहीं आरक्षी शिवम कुमार, होमगार्ड चालक शिवशंकर तिवारी, आरक्षी अनुज सिंह और होमगार्ड चालक बृजेश पाल को न्यूनतम रिस्पांस टाइम के लिए प्रशस्ति पत्र मिला है। जबकि दूसरी सूची में धीरेंद्र यादव, जसवंत कुमार यादव और लक्ष्मी नारायण यादव को अति उत्कृष्ट पदक से सम्मानित किया गया है। विवेक कुमार सिंह, प्रशांत कुमार मिश्रा, दिलीप कुमार सिंह, वेद प्रकाश, शशि कुमार, निर्भय सिंह और भारत भूषण सिंह को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिले इन सम्मानों से अमेठी पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. सहित समस्त अधिकारियों ने शनिवार को सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट सेवा और जनहित में कार्य करने की अपेक्षा जताई।