नेता प्रतिपक्ष के आचरण पर भाजपा हमलावर, रेखा आर्य और मथुरा दत्त जोशी ने साधा निशाना

Share

देहरादून, 08 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हल्द्वानी में एसएसपी कार्यालय में हुए विवाद को लेकर कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य पर तीखा हमला बोला है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने नेता प्रतिपक्ष के कथित आचरण, भाषा और व्यवहार को संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ बताया।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने यहां आज जारी बयान में कहा कि संवैधानिक और गरिमामयी पद पर बैठे व्यक्ति से संयम एवं मर्यादित आचरण की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष बिना साक्ष्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पुलिस प्रशासन पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसएसपी कार्यालय जैसे संवेदनशील स्थान पर कथित तौर पर अमर्यादित व्यवहार और तोड़फोड़ की कोशिश को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

आर्य ने कांग्रेस नेताओं पर सत्ता की लालसा में बौखलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि संवैधानिक पद की गरिमा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस नेताओं के कथित आचरण और भाषा शैली को देख रही है।

वहीं,भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली को फ्लॉप बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खरगे को उत्तराखंड के भूगोल और प्रदेश में हुए विकास कार्यों की जानकारी नहीं है, इसके बावजूद वे भाजपा सरकार के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं।

श्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने एसएसपी कार्यालय में हुए घटनाक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के व्यवहार पर भी सवाल उठाए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को अपने पद की गरिमा और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। पुलिस अधिकारियों पर बिना प्रमाण आरोप लगाना और सरकारी कार्यालय में कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं का यह रवैया उनकी कथित ‘सत्ता की बेचैनी’ और ‘बौखलाहट’ को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को इसी तरह के कथित अराजक और अमर्यादित आचरण के कारण सत्ता से बाहर रखा है।