खूंटी में झारखंड आदिवासी महोत्सव को लेकर एलईडी प्रचार रथ रवाना

Share

खूंटी , 08 अगस्त । झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 को लेकर जिले में जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। शनिवार को समाहरणालय परिसर से उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश ने सूचना एवं जनसंपर्क इकाई, खूंटी की ओर से संचालित एलईडी प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अमित कुमार केसरी समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। एलईडी प्रचार रथ जिले के सभी प्रखंडों के सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेगा।

प्रचार रथ के माध्यम से लोगों को झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, कला, परंपरा और विरासत के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा 9 और 10 अगस्त को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय झारखंड आदिवासी महोत्सव के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा।

प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को राज्य स्तरीय महोत्सव से जोड़ना तथा उन्हें आदिवासी संस्कृति की विविधता और समृद्ध परंपराओं से अवगत कराना है। प्रचार रथ के माध्यम से महोत्सव की गतिविधियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।