पलामू में ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत दो देशी कट्टे, जिंदा कारतूस और चोरी की बाइक बरामद

Share

पलामू, 05 अगस्त । पलामू पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत मेदिनीनगर टाउन और लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो देशी कट्टे, एक जिंदा कारतूस तथा चोरी की एक बाइक बरामद की है। दोनों मामलों में कई आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ आरोपित फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ की सफलता के बाद एक अगस्त से जिले में अवैध हथियारों की बरामदगी और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन सफाया’ शुरू किया गया है। इसी अभियान के तहत दोनों सफल कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में मंगलवार को अवैध अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि अंबेडकर पार्क के पास दो व्यक्ति अवैध हथियार की खरीद-बिक्री में लगे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की।

कार्रवाई के दौरान दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों में एक नाबालिग है, जिसे विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत निरुद्ध किया गया है। दूसरे आरोपित की पहचान 18 वर्षीय अंशु कुमार चंद्रवंशी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा, अनिल कुमार यादव, राकेश सिंह, धनश्याम मिश्रा तथा टाउन थाना की गश्ती टीम शामिल थी।

एक अन्य कार्रवाई में लेस्लीगंज थाना पुलिस को मंगलवार शाम सूचना मिली कि साहद गांव के एक नवनिर्मित मकान में कुछ युवक नशा कर रहे हैं। पुलिस टीम के पहुंचते ही दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि राहुल कुमार भुइयां और प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान उनके पास से बिना नंबर प्लेट की एक बाइक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि बाइक को लेस्लीगंज के अखौरी पतरा निवासी कुलदीप भुइयां और जितेंद्र भुइयां ने करीब दो माह पहले मेदिनीनगर से चोरी किया था और बेचने के उद्देश्य से छिपाकर रखा था।

जांच के दौरान दोनों के मोबाइल फोन में अवैध हथियार की तस्वीर मिलने के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर छापेमारी की। कार्रवाई में एक लोडेड देशी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों, मादक पदार्थों और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

लेस्लीगंज की कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, सहायक अवर निरीक्षक हरेंद्र पासवान तथा थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

———-