मार्करम ने निजी कारणों से छोड़ा द हंड्रेड, बटलर बने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के नए कप्तान

Share

मैनचेस्टर, 05 अगस्त । द हंड्रेड-2026 के बीच मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान एडेन मार्करम निजी कारणों से टूर्नामेंट बीच में छोड़कर दक्षिण अफ्रीका लौट गए हैं। उनकी जगह न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल को टीम में शामिल किया गया है, जबकि पूर्व इंग्लैंड कप्तान जोस बटलर को टीम की कमान सौंपी गई है।

फ्रेंचाइजी ने बुधवार को सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, “मैनचेस्टर सुपर जायंट्स पुष्टि करता है कि पुरुष टीम के कप्तान एडेन मार्करम निजी कारणों से दक्षिण अफ्रीका लौट गए हैं। इस समय क्लब की ओर से एडेन को शुभकामनाएं दी जाती हैं और इस सीजन टीम के लिए उनके योगदान के लिए धन्यवाद।”

सुपर जायंट्स फ्रेंचाइजी की आईपीएल, एसए20 और द हंड्रेड तीनों टीमों का हिस्सा मार्करम ने मौजूदा सीजन में पांच मैच खेलते हुए 117 रन बनाए। उन्होंने अपने आखिरी मुकाबले में एमआई लंदन के खिलाफ द ओवल में शानदार अर्धशतक भी लगाया था।

अब कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने वाले जोस बटलर शानदार फॉर्म में हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ने इस सीजन पांच मैचों में 112 की औसत से 226 रन बनाए हैं। वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद पहली बार किसी टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे।

मैनचेस्टर सुपर जायंट्स का प्रदर्शन इस सीजन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने शुरुआती पांच मुकाबलों में केवल दो जीत दर्ज की है, जबकि तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। अंक तालिका में टीम फिलहाल छठे स्थान पर है और नॉकआउट की दौड़ में बने रहने के लिए उसे शेष मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करना होगा।