राज्यपाल से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने की शिष्टाचार भेंट, संस्कृत संरक्षण और उच्च शिक्षा पर चर्चा - सरस जनवाद

राज्यपाल से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने की शिष्टाचार भेंट, संस्कृत संरक्षण और उच्च शिक्षा पर चर्चा

Share

देहरादून, 01 अगस्त । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) से शनिवार को लोक भवन में विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों और जनप्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संस्कृत, योग एवं आयुर्वेद के संरक्षण-संवर्धन और उच्च शिक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

राज्यपाल से स्वस्तिवाचनम् संस्था के ट्रस्टी हरीश चन्द्र जोशी और संस्था के सदस्य डॉ. सुनील जोशी एवं डॉ. जीवन जोशी ने मुलाकात की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने संस्कृत विद्वान आचार्य दिनेश चंद्र जोशी को समर्पित स्मारक डाक टिकट राज्यपाल को भेंट किया।

राज्यपाल ने कहा कि संस्कृत भारत की अमूल्य धरोहर और ज्ञान का शाश्वत स्रोत है। यह भाषा भारतीय संस्कृति की जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल स्वरूप को समझने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को संस्कृत के संरक्षण और संवर्धन में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए, ताकि इस समृद्ध भाषा और इससे जुड़े ज्ञान को देश और विश्व स्तर तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और आधुनिक तकनीक के माध्यम से संस्कृत के प्रचार-प्रसार की व्यापक संभावनाएं हैं। तकनीक के प्रभावी उपयोग से संस्कृत साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

इस दौरान राज्यपाल से देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने भी शिष्टाचार भेंट की। वहीं, श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने भी राज्यपाल से मुलाकात की। राज्यपाल ने नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं प्राप्त की और उन्हें विश्वविद्यालय के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।

—-