संसद परिसर में एक घंटे बैठने से युवाओं को नहीं मिलेगी नौकरी : राकेश - सरस जनवाद

संसद परिसर में एक घंटे बैठने से युवाओं को नहीं मिलेगी नौकरी : राकेश

Share

रांची, 31 जुलाई । प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने शक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जिस भाजपा के 10 वर्षों के शासनकाल में देश का युवा पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती घोटालों से सबसे अधिक पीड़ित रहा, वही पार्टी आज छात्रों की सबसे बड़ी हितैषी बनने का नाटक कर रही है। यह राजनीति के नाम पर नाटक है।

सिन्हा ने कहा कि आदित्य साहू को कांग्रेस पर उंगली उठाने से पहले भाजपा शासित राज्यों से जवाब मांगना चाहिए कि आखिर देश में बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर क्यों लीक हुईं।

उन्होंने कहा कि संसद परिसर में एक घंटे बैठने से युवाओं को नौकरी नहीं मिलेगी। अगर भाजपा सांसदों में सचमुच हिम्मत है तो वे संसद में केंद्र सरकार से पूछें कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर अब तक निर्णायक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि भाजपा सीबीआई जांच की मांग नहीं कर रही, बल्कि हर मुद्दे को राजनीतिक हथियार बनाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग करना चाहती है।

कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि किसी भी भर्ती परीक्षा में यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कानून के अनुसार कठोर दंड मिले। लेकिन भाजपा को न्याय से अधिक राजनीतिक लाभ की चिंता है।

उन्होंने कहा कि आदित्य साहू कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि भाजपा के सांसद झारखंड के लिए विशेष पैकेज, उद्योग, रोजगार और रिक्त केंद्रीय पदों को भरने की मांग पर वर्षों से मौन हैं। जनता अब इस दोहरे चरित्र को अच्छी तरह पहचान चुकी है।