गाजियाबाद में पांच हजार करोड़ का घोटाला, दो कंपनियों पर लगे आरोप - सरस जनवाद

गाजियाबाद में पांच हजार करोड़ का घोटाला, दो कंपनियों पर लगे आरोप

Share

गाजियाबाद, 31 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना कवि नगर में वैदिक आयुरक्योर कंपनी और एक्सिस ई-कॉर्पोरेशन के खिलाफ पांच हजार करोड़ रुपये के बड़े घोटाले का मामला दर्ज किया गया है। अधिवक्ता महेश कुमार वर्मा की शिकायत पर दस लोगों को नामजद किया गया है। इन पर लोगों को निवेश के नाम पर ठगने का आरोप है।

एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने शुक्रवार काे बताया कि अधिवक्ता महेश कुमार वर्मा के मुताबिक कंपनियों ने नौ हजार रुपये की आईडी पर प्रतिमाह 1100 रुपये रिटर्न और घरेलू सामान पर 33 फीसदी छूट देने का वादा किया था। शुरुआत में निवेशकों को लाभ मिला, जिससे उनका विश्वास बढ़ा। पंकज सोनी सेठ ने गाजियाबाद में कई बैठकें आयोजित कीं। कंपनियों ने विश्वास जमाने के लिए ग्रोसरी की दुकानें भी खोलीं।

निवेशकों से ग्रोसरी स्टोर के नाम पर लाखों रुपये के समझौते किए गए। बाद में कंपनियां धीरे-धीरे गायब हो गईं और निवेशकों का पैसा हड़प लिया। महेश वर्मा का आरोप है कि कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फैजान खान पर दुबई भाग गए हैं। वह व्हाट्सएप के माध्यम से वीडियो भेजकर निवेशकों को पैसे वापस देने का आश्वासन दे रहा है। हालांकि कंपनी ने अपना ऑनलाइन सिस्टम भी बंद कर दिया है।

उन्होंने बताया कि फैजान खान सहित कुल दस लोगों को इस धोखाधड़ी का मुख्य षडयंत्रकर्ता बताया गया है। इनके खिलाफ भारत के कई जिलों में भी एफआईआर दर्ज हैं। शिकायतकर्ता महेश कुमार वर्मा ने स्वयं 6.50 लाख रुपये का निवेश किया था। उनके अलावा, हरिश हितैषी ने दो लाख रुपये और मांगेराम ने तीन लाख रुपये का निवेश किया। संजय एलआईसी पिलखुवा और उनके स्टाफ ने करीब 36 लाख रुपये लगाए। आनंद राणा की टीम ने लगभग एक करोड़ रुपये का निवेश किया। गाजियाबाद जिले के सैकड़ों लोगों ने इन कंपनियों में करोड़ों रुपये का निवेश किया था।