जापान में भूकंप प्रभावित कुमामोटो प्रांत के शॉपिंग सेंटर में धमाका, दो महिलाओं की मौत - सरस जनवाद

जापान में भूकंप प्रभावित कुमामोटो प्रांत के शॉपिंग सेंटर में धमाका, दो महिलाओं की मौत

Share

टोक्यो (जापान), 29 जुलाई । देश के दक्षिण-पश्चिमी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोटो प्रांत में मंगलवार शाम 4ः27 बजे आए शक्तिशाली भूकंप के बाद एक शॉपिंग सेंटर में हुए धमाके में दो महिलाओं की मौत हो गई। एक महिला बेसुध अवस्था में मिली है। स्थानीय अधिकारियों ने बुधवार सुबह यह जानकारी दी। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.1 रिकार्ड की गई। धमाके का कारण गैस रिसाव माना जा रहा है। प्रांतीय सरकार के अनुसार, शुरुआत में घटनास्थल पर 10 लोग लापता बताए गए।

जापान टुडे अखबार के अनुसार, रक्षामंत्री शिनजिरो कोइज़ुमी ने कहा कि आपदा प्रभावित इलाके में लगभग 3,600 सेल्फ-डिफेंस फोर्सेज (एसडीएफ) कर्मियों को तैनात किया गया है। यह विस्फोट प्रमुख शॉपिंग सेंटर ‘आयन मॉल कुमामोटो’ में हुआ। इस मॉल का संचालन करने वाली कंपनी ‘आयन’ ने बताया कि भूकंप के बाद कर्मचारियों और ग्राहकों को शॉपिंग सेंटर से बाहर निकालने के बाद धमाका हुआ।

प्रांतीय पुलिस ने बताया कि धमाके से पहले लगभग 200 लोग बाहर निकल चुके थे। फायर एंड डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के अनुसार, आशंका है कि दूसरी मंजिल ढहने के बाद कई अन्य लोग इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं। यह मॉल कुमामोटो शहर के ठीक बाहर स्थित है। टोक्यो के पूर्व में चिबा स्थित मुख्यालय में ‘आयन’ के एक प्रवक्ता ने कहा कि मॉल की छतें और दीवारें ढह गईं।

प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के अनुसार, देश के दक्षिण-पश्चिम में आए भूकंप से इमारतें ढह गईं और आग लग गई। कम से कम 50 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। ताकाइची ने कहा कि संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “कुछ इलाकों में बिजली गुल है और आग लगी है। साथ ही सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं और इमारतें ढह गई हैं।”

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद एक मीटर (तीन फीट) तक की संभावित सुनामी के लिए अलर्ट जारी किया गया लेकिन शाम करीब 6:10 बजे चेतावनी वापस ले ली गई। परमाणु नियामक प्राधिकरण ने कहा कि परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में तत्काल कोई असामान्य बात दर्ज नहीं की गई। स्थानीय यूटिलिटी कंपनी क्यूशू इलेक्ट्रिक पावर के अनुसार, कुमामोटो क्षेत्र में लगभग 45,000 घरों और सुविधाओं में बिजली नहीं है।

सनद रहे, जापान दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित देशों में से एक है। यह प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर के पश्चिमी किनारे पर चार बड़ी टेक्टोनिक प्लेटों के ऊपर स्थित है। लगभग 12.5 करोड़ लोगों की आबादी वाले इस द्वीप समूह में हर साल सैकड़ों झटके महसूस किए जाते हैं और दुनिया के कुल भूकंपों में से लगभग 18 प्रतिशत यहीं आते हैं। जापान को 2011 में आए 9.0 तीव्रता के भूकंप की याद आज भी डराती है। इस आपदा में लगभग 18,500 लोग मारे गए या लापता हो गए थे। फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट तबाह हो गया था।