रायपुर : लाइसेंस शुल्क बकाया राशि जमा नहीं, 14 दुकानें सील - सरस जनवाद

रायपुर : लाइसेंस शुल्क बकाया राशि जमा नहीं, 14 दुकानें सील

Share

रायपुर, 21 जुलाई । नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित उद्यान परिसर में बकाया लाइसेंस शुल्क की वसूली के लिए कार्रवाई की गई।

नगर निगम उद्यान विभाग की टीम ने मंगलवार को नगर निवेश उड़नदस्ता दल एवं यातायात पुलिस बल के सहयोग से उद्यान परिसर में संचालित 14 दुकानों को सीलबंद किया। यह कार्रवाई उपायुक्त उद्यान जागृति साहू के मार्गदर्शन एवं उप अभियंता उद्यान रूचिका मिश्रा की उपस्थिति में संपन्न हुई।

नगर निगम उद्यान परिसर की 14 दुकानों के संचालन हेतु गणपति इंफ्रा को पांच वर्ष के लिए लाइसेंस प्रदान किया गया था, जिसकी अवधि अगस्त 2026 में समाप्त हो रही है। संबंधित एजेंसी द्वारा दुकानों का संचालन किया जा रहा था, किन्तु नियमानुसार लाइसेंस शुल्क की बकाया राशि जमा नहीं की गई थी।

बकाया राशि के भुगतान नहीं किए जाने पर नगर निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निवेश उड़नदस्ता, यातायात पुलिस एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में 14 दुकानों को सीलबंद किया गया।