कोडरमा, 21 जुलाई । जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित डीवीसी केटीपीएस के बांझेडीह कैंपस में मंगलवार को एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव भेल कंपनी की ओर से बनाए जा रहे नए कार्यालय भवन के निर्माण स्थल से बरामद हुआ।
सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान मसोमात बिन्दु देवी (40) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बिन्दु देवी अपने मायके में रहती थीं और बीते 09 जुलाई से भेल के निर्माण स्थल पर मजदूरी कर रही थीं। मंगलवार को जब वह काम पर नहीं पहुंचीं और उनसे संपर्क नहीं हो सका, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान निर्माण स्थल पर उनका शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। निर्माण स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं साथ काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद परिसर में कार्यरत मजदूरों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।