बिजनौर, 21 जुलाई । उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देशों के अनुपालन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने व्यापक जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई की और खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया। साथ ही कांवड़ यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 13 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
अभियान के दौरान तहसील चांदपुर से मावा के 5 नमूने, मिश्रित दूध एवं चमचम का एक-एक नमूना, तहसील बिजनौर से तैयार चाय का एक नमूना, नगर पालिका नजीबाबाद क्षेत्र से मावा का एक नमूना, तहसील नगीना से मैकरोनी, घेवर एवं बेसन का एक-एक नमूना तथा तहसील धामपुर से ब्रिटानिया न्यूट्रीचॉइस बिस्कुट का एक नमूना लिया गया। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा एवं मानकों का पूर्णतः पालन करने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की।
इस दौरान विभाग द्वारा विशेष रूप से कुट्टू के आटे के संबंध में खाद्य कारोबारियों को जागरूक करते हुए निर्देशित किया गया कि पुराने अथवा खुले कुट्टू के आटे का विक्रय न करें। उच्च प्रोटीन युक्त होने के कारण कुट्टू के आटे में नमी एवं फफूंद लगने की संभावना अधिक रहती है। पैक्ड कुट्टू के आटे का उपयोग उसकी निर्धारित वैधता अवधि, विशेषकर पैकिंग के सात दिनों के भीतर ही करने की सलाह दी गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
————–