बिजनौर, 21 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर, एसपी अभिषेक झा ने मंगलवार को श्रावण माह में होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 एवं महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत थाना नांगल क्षेत्र स्थित उत्तम शुगर मिल में सीमावर्ती जनपदों, उत्तराखण्ड पुलिस, सीमान्त थानों एवं यातायात प्रभारियों के साथ समन्वय गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में कांवड़ यात्रा के सकुशल संचालन, रूट डायवर्जन एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज बरकातपुर स्थित उत्तम शुगर मिल में बिजनौर एवं पड़ोसी जनपदों के अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी जसजीत कौर ने की। उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान ‘जीरो इंसीडेंट एवं जीरो एक्सीडेंट’ के लक्ष्य के साथ सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि डायवर्जन व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के पड़ोसी जनपदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कांवड़ियों के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान जनपद के कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए तथा पड़ोसी जनपदों के कंट्रोल रूम से निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए। रोडवेज बसों का संचालन निर्धारित डायवर्जन एवं रूट प्लान के अनुसार किया जाए तथा सभी बसों को निर्धारित गति सीमा के भीतर संचालित कराया जाए।
जिलाधिकारी ने आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को पास के आधार पर निर्धारित समयावधि में संचालित कराने, बेहतर समन्वय के लिए संबंधित अधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने तथा डायवर्जन संबंधी जानकारी के लिए कांवड़ मार्गों पर आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कांवड़ मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत का शेष कार्य तत्काल पूर्ण कराने, स्पीड ब्रेकरों पर कैट-आइज़ लगाने तथा मार्गों पर जलभराव की स्थिति न बनने देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान समन्वय तंत्र को लगातार सक्रिय रखा जाए और सभी संबंधित पक्षों से नियमित संवाद बनाए रखा जाए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कहा कि सभी पुलिस चेक प्वाइंट्स पर नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के बीच निरंतर समन्वय रखा जाए तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक में बिजनौर जनपद के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पड़ोसी जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
———–