फेडरल बैंक का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 37 फीसदी बढ़कर 1,177 करोड़ रुपये - सरस जनवाद

फेडरल बैंक का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 37 फीसदी बढ़कर 1,177 करोड़ रुपये

Share

नई दिल्ली, 17 जुलाई । निजी क्षेत्र के फेडरल बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। बैंक का (अप्रैल-जून) पहली तिमाही में शुद्ध मुनाफा 1176.93 करोड़ रुपये रहा। यह पिछले वित्त वर्ष के मुनाफे 861.75 करोड़ रुपये से 36.5 फीसदी ज्यादा है।

फेडरल बैंक ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि 30 जून को समाप्त चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उसकी कुल आय सालाना आधार पर 6 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 8286.69 करोड़ रुपये हो गई, ये पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 7799.61 करोड़ रुपये रही थी।

बैंक ने बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में उसके खर्च 6389.36 करोड़ रुपये रहे, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह खर्च 6243.32 करोड़ रुपये थे। बैंक का परिचालन लाभ 1897.33 करोड़ रुपये हो गया है, जो पिछले वित्त वर्ष की जून तिमाही में 1556.29 करोड़ रुपये रहा था। इसी तरह शुद्ध ब्याज से आय (एनआईआई) सालाना आधार पर 26 फीसदी बढ़कर 2,946 करोड़ रुपये हो गई है, जो पिछले वित्त वर्ष में 2,336 करोड़ रुपये रही थी।

बैंक के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यह वृद्धि शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) में मजबूत वृद्धि, शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) में विस्तार और नए ऋणों में कमी के कारण हुई है। जून तिमाही में फेडरल बैंक का ग्रॉस एनपीए घटकर 4282.34 करोड़ रुपये हो गया। ग्रॉस एनपीए रेशियो भी कम होकर 1.52 फीसदी हो गया। इसी तरह नेट एनपीए कम होकर 506.05 करोड़ रुपये और नेट एनपीए रेशियो घटकर 0.18 फीसदी पर आ गया।

बैंक ने कहा कि अप्रैल-जून तिमाही के दौरान फेडरल बैंक ने लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार किया। 10 नई ब्रांच खोलीं, जिससे इसका ब्रांच नेटवर्क 1650 आउटलेट्स तक पहुंच गया। कुल डिपॉजिट 3,20,117.66 करोड़ रुपये के रहे, जो सालाना आधार पर 11.37 फीसदी ज्यादा है।