आईजीआरएस पर गलत निस्तारण करने वालों पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी - सरस जनवाद

आईजीआरएस पर गलत निस्तारण करने वालों पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी

Share

बागपत, 14 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों का गलत या औपचारिक निस्तारण करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक में राजस्व वादों, कर-करेत्तर वसूली, सीएम डैशबोर्ड की प्रगति और लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि अमीनों को गांवों में भेजा जाए और जरूरत पड़ने पर तहसीलदार स्तर से छापेमारी भी की जाए। उन्होंने बकायेदारों के नाम सार्वजनिक करने और वसूली में तेजी लाने पर जोर दिया।

खनिज, व्यापार कर और अन्य देयों की वसूली में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं होगी। एआरटीओ को ओवरलोडिंग और स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आरसी वसूली तेज कर लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।