राज्यपाल ने 13 टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की - सरस जनवाद

राज्यपाल ने 13 टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की

Share

देहरादून, 06 जुलाई । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने सोमवार को यहां लोक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 13 टीबी मरीजों को मासिक पोषण किट वितरित की। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और नियमित दवा, पौष्टिक आहार तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

राज्यपाल ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। जनसहभागिता, जागरूकता, समय पर उपचार और पौष्टिक आहार के माध्यम से ही इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने नागरिकों से टीबी मुक्त समाज निर्माण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक सक्षम नागरिक एक टीबी मरीज का निःक्षय मित्र बनकर उसके उपचार और पोषण में सहयोग करे तो टीबी उन्मूलन अभियान को और अधिक गति मिल सकती है।

राजभवन के अनुसार, राज्यपाल द्वारा अब तक गोद लिए गए 79 टीबी मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर टीबी मुक्त हो चुके हैं। 13 नए मरीजों को गोद लेने के साथ ही निःक्षय मित्र के रूप में उनके संरक्षण में टीबी मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 92 हो गई है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. महावीर सिंह, डॉ. ए.के. सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

———-