डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रहित की प्रेरणा: डॉ दिनेशानंद - सरस जनवाद

डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रहित की प्रेरणा: डॉ दिनेशानंद

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 06 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, चाईबासा में सोमवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष चंद्रमोहन तियु ने की।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि महान शिक्षाविद, दूरदर्शी राष्ट्रवादी और भारत की अखंडता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने कहा कि देश के उद्योग मंत्री के रूप में डॉ मुखर्जी ने औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी और राष्ट्रीय एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

डॉ गोस्वामी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने और जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए डॉ मुखर्जी का योगदान ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए दिया गया उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनका जीवन प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् गीत के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रदेश के पूर्व प्रवक्ता जेबी तुबिद ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार और आदर्श आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री भूषण पाट पिंगुवा ने किया।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष संजय पांडे, प्रताप कटियार महतो, नगर परिषद के पूर्व प्रत्याशी रमेश खिरवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थेे।