महानंदा चेक पोस्ट पर 325 लीटर विदेशी शराब के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार - सरस जनवाद

महानंदा चेक पोस्ट पर 325 लीटर विदेशी शराब के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Share

कटिहार, 05 जुलाई । कटिहार जिले की रौशना पुलिस ने रविवार को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महानंदा चेक पोस्ट के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने शराब की तस्करी कर रहे उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक तस्कर को भी रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 325.08 लीटर बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, रौशना थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल की सीमा की ओर से एक कार में शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ महानंदा चेक पोस्ट के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार आती दिखी। कार सवार व्यक्ति पुलिस बल को देखकर घबरा गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़ कर दबोच लिया।

पुलिस की गिरफ्त में आए तस्कर से जब पूछताछ की गई तो उसने अपनी पहचान मुनेंद्र सहनी (28 वर्ष), पिता- गिरजा सहनी के रूप में बताई। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेकना थाना क्षेत्र अंतर्गत थमनपुरा गांव का निवासी है।

पुलिस ने जब पकड़े गए तस्कर की कार की विधिवत तलाशी ली, तो उसके अंदर से कुल 325.08 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और तस्करी में प्रयुक्त कार को तुरंत जब्त कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।