होशियारपुर सेंट्रल जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट गिरफ्तार, नशा और पैसों की मांग के लगे थे आरोप - सरस जनवाद

होशियारपुर सेंट्रल जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट गिरफ्तार, नशा और पैसों की मांग के लगे थे आरोप

Share

चंडीगढ़, 05 जुलाई । होशियारपुर सेंट्रल जेल से जुड़े वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

यह गिरफ्तारी थाना सिटी होशियारपुर में 14 जून को दर्ज एफआईआर के सिलसिले में की गई है।

पुलिस के मुताबिक हरभजन सिंह के खिलाफ पंजाब प्रिजन्स एंड करेक्शनल सर्विसेज एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि जेल अधिकारी की गिरफ्तारी किन खास सबूतों या आरोपों के आधार पर की गई है।

यह मामला होशियारपुर सेंट्रल जेल में बंद मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना के कथित वायरल वीडियो से जुड़ा है। मनप्रीत सिंह बठिंडा जिले के तलवंडी साबो का रहने वाला है और जेल में बंद है। 14 जून को उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसके बाद जेल प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे।

वीडियो में मनप्रीत ने जेल स्टाफ पर परेशान करने, पैसों की मांग करने और जेल के अंदर नशा उपलब्ध होने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उसने यह भी दावा किया था कि कुछ जेल कर्मचारी कैदियों के साथ मारपीट करते हैं।

वीडियो में उसने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जेलों में सुधार करने और कैदियों को सुधरने का मौका देने की अपील भी की थी।

वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान जेल के अंदर मनप्रीत सिंह के पास से बिना सिम वाला मोबाइल फोन भी बरामद किया गया था।