खूंटी , 03 जुलाई । सायको थाना क्षेत्र के किताहातु गांव में 75 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे डायन-बिसाही का अंधविश्वास सामने आया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सना बांस का डंडा और पत्थर बरामद कर लिया है।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि गुरुवार को किताहातु गांव निवासी एतवारी देवी (75) की घर में सिर पर किसी कड़े और भोथरे वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई थी। मृतका के पुत्र बिरसा मुंडा के आवेदन पर सायको थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले के उद्भेदन के लिए खूंटी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मृतका के पड़ोसी दिनाय मुंडा (20) और मंगल मुंडा (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पूछताछ में पता चला कि मंगल मुंडा को संदेह था कि मृतका के उसके नवजात शिशु को गोद में लेने के बाद बच्चा बीमार पड़ गया था। वहीं दिनाय मुंडा भी अपनी मां की बीमारी से हुई मौत के लिए मृतका को जिम्मेदार मानता था। इसी अंधविश्वास के चलते दोनों ने महिला की हत्या की साजिश रची और गुरुवार को जब महिला घर में अकेली थी तो वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई में खूंटी एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, सायको थाना प्रभावी प्रभात रंजन पांडेय , एसआई मुकेश कुमार यादव, एएसआई रोशन बाड़ा उरांव, हवलदार प्रदीप सांगा एवं पवन कुमार और आरक्षी सोबरन लोहरा शामिल थे।