साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि निजता से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा : स्पीकर - सरस जनवाद

साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि निजता से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा : स्पीकर

Share

रांची, 03 जुलाई । झारखंड विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि प्रशासन के संचालन, आर्थिक गतिविधि और नागरिकों की सुरक्षा और निजता से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।

महतो बतौर मुख्य अतिथि शुक्रवार को पुराने झारखड विधान सभा परिसर में बाल कल्याण संघ, द एशिया फ़ाउंडेशन और साइबर पीस के संयुक्त तत्वावधान में डिजिटल युग के बढ़ते साइबर खतरों, डिजिटल धोखाधड़ी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित जोखिमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रणनीतिक क्षमताओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग विकास और सुशासन के लिए अत्यंत उपयोगी है, लेकिन इसके सुरक्षित और नैतिक उपयोग के प्रति जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है ताकि हमारी निजता एवं सरकारी अभिलेखों एवं आर्थिक गतिविधियों की गोपनीयता सुरक्षित रह सके।

स्पीकर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को नई तकनीकों, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी होना समय की आवश्यकता है।

ऐसे कार्यशाला जनप्रतिनिधियों की क्षमता वृद्धि के साथ-साथ डिजिटल रूप से सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मौके पर राज्यसभा सदस्या महुआ माज़ी, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जयसवाल ने भी डिजिटल शासन के बढ़ते दायरे और उससे जुड़े साइबर सुरक्षा की चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला ।

कार्यशाला के दौरान साइबर सुरक्षा की बुनियादी समझ, वर्तमान साइबर खतरों और एआई प्रेरित जोखिमों के प्रति जागरूकता, सरकारी प्रणालियों को सुरक्षित रखने के उपाय, साइबर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश, नागरिकों के डेटा के सुरक्षित प्रबंधन, डिजिटल सेवा वितरण के प्रोटोकॉल एवं त्वरित घटना पर प्रतिक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों की ओर से विस्तृत प्रस्तुतीकरण दी गई।

कार्यशाला में बाल कल्याण संघ के संस्थापक संजय कुमार मिश्रा, द एशिया फाउडेशन की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव नंदिता बरुआ और साइबर पीस फ़ाउंडेशन के प्रतिनिधि कैप्टन एस सी जोशी एवं नमन जोशी विशेषज्ञ वक्ता के रूप में उपस्थित थेे।