पलामू में मलय डैम के चैनल की मरम्मत नहीं होने पर सड़क जाम की चेतावनी - सरस जनवाद

पलामू में मलय डैम के चैनल की मरम्मत नहीं होने पर सड़क जाम की चेतावनी

Share

पलामू, 02 जुलाई । जिले के सतबरवा प्रखंड क्षेत्र के किसानों की लाइफलाइन मलय डैम के चैनल संख्या 18 की स्थायी मरम्मत की मांग को लेकर गुरूवार को सतबरवा, सदर और लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र के किसान उपायुक्त से मिले। उपायुक्त को बताया गया कि चैनल के टूटने के 08 माह बीत जाने के बाद भी मरम्मत नहीं करायी गयी है। पूर्व में भी मरम्मत को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी।

बरसात का मौसम शुरू हो गया है और किसान खरीफ फसल लगाने की तैयारी में जुट गए हैं। ऐसे में उनके समक्ष सिंचाई समस्या परेशानी में डाली हुई है। जल्द मरम्मत नहीं की गयी तो किसान सड़क पर उतरकर आन्दोलन करेंगे और सड़क जाम किया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2025 में मलय डैम का 18 नंबर चैनल टूट गया था। इस डैम से तीन प्रखंडाें के 105 गांव के लगभग एक लाख 55 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होती है। इनमें सतरबा के 27, मेदिनीनगर सदर के 42 और लेस्लीगंज के 36 गांव शामिल हैं।

किसानों ने बताया कि सिंचाई विभाग स्थायी समाधान के बजाय अस्थायी उपायाें पर निर्भर है, जिससे उनमें आक्रोश बढता जा रहा है। हालत यह है कि मरम्मत के नाम पर महज 05 छोटी पाइप लगाकर पानी छोड़ने की तैयारी की जा रही है।

यह व्यवस्था सिर्फ खानापूर्ति है। पानी के दबाव में कभी भी यह व्यवस्था ध्वस्त हो सकती है। ऐसे में पक्का और स्थायी मरम्मत करायी जाए, ताकि लंबे समय तक किसानों को इसका लाभ मिल सके।

डीसी से मिलने वालों में समाजिक कार्यकर्ता आशिष सिन्हा, सतबरवा जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि पांकी उरांव, पूर्व जिला पार्षद अर्जून सिंह, किसान हरिनंदन सिंह, सुशील सिंह, आनंद सिंह सहित कई किसान मौजूद थे।