पल्स पोलियो अभियान में रेल सिविल डिफेंस की टीम निभाएगी भागेदारी

Share

पूर्वी सिंहभूम, 27 जून । राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 से 30 जून तक चलने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रम में रेल सिविल डिफेंस की टीम सक्रिय भूमिका निभाएगी। दो बूंद जिंदगी के, छूट न जाए, नन्हे-मुन्ने की जिंदगी रूठ न जाए संदेश के साथ टीम रेलवे क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में पहुंचकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएगी।

अभियान की तैयारियों के तहत शनिवार को टाटानगर रेलवे अस्पताल में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रेल सिविल डिफेंस के सदस्यों को पोलियो की खुराक पिलाने की प्रक्रिया, सावधानियों और अभियान के संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप पोलियो ड्रॉप पिलाने के तरीके समझाया गया।

अभियान के पहले दिन 28 जून को विभिन्न निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। वहीं 29 और 30 जून को रेल सिविल डिफेंस की टीम रेलवे की साउथ सेटलमेंट, ट्रैफिक कॉलोनी, गोलपहाड़ी, खासमहल, बागबेड़ा समेत अन्य रेलवे कॉलोनियों में घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाएगी, जो बूथ तक नहीं पहुंच सके हैं।

प्रशिक्षण शिविर में रेल सिविल डिफेंस की सदस्य सरस्वती मुर्मू, कंचन कुमारी, तेजीता, विनोद कुमार, रमेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, संजय कुमार मंडल, अमित कुमार सहित अन्य स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस दौरान रेलवे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं स्काउट के सदस्य भी उपस्थित थे।

पूरे अभियान का संचालन टाटानगर रेलवे अस्पताल के वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ पाली टारगेन के मार्गदर्शन में किया जाएगा।