सिवनी, 27 जून । मध्य प्रदेश के सिवनीजिले की आदेगांव थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात अवैध गोवंश परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 गायों से भरे एक ट्रक को जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक से गोवंश को सुरक्षित मुक्त कराते हुए आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि नरसिंहपुर की ओर से एक ट्रक में अवैध रूप से गोवंश भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर आदेगांव थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जोबा स्थित सिद्धू ढाबा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक एमपी-75 डीटी-0241 को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक में 10 गायें बिना चारा-पानी के रस्सियों से कसकर बंधी हुई अमानवीय परिस्थितियों में मिलीं। पुलिस ने तत्काल सभी गायों को सुरक्षित मुक्त कराया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गोवंश को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों से खरीदकर महाराष्ट्र के नांदेड़ ले जा रहे थे। परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज उनके पास नहीं मिला।
पुलिस ने लालजी पुत्र रामदास शर्मा (50) निवासी अशोक नगर, इटावा (उत्तर प्रदेश), विशेष पुत्र केसर सिंधे (27), शिवहरी पुत्र विसंभर मराठा (24) तथा विश्वनाथ पुत्र पांडुरंग कुम्भार (36) निवासी जिला नांदेड़ (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ट्रक जब्त कर गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई थाना प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष धुर्वे के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सौरभ शर्मा एवं आदेगांव थाना पुलिस की टीम ने की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में गोवंश की अवैध तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि गोवंश के अवैध परिवहन अथवा पशु क्रूरता से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।