वीआईपी कल्चर और यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा

Share

जयपुर, 19 जून । प्रदेश में यातायात व्यवस्था सुधारने और वीआईपी कल्चर के नाम पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान में 4 जून से 18 जून 2026 तक कुल 1 लाख 24 हजार 384 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल ने बताया कि अभियान के दौरान सबसे अधिक 46,958 चालान अवैध ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के किए गए। इसके अलावा 31,961 मामलों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 17,209 मामलों में वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 12,232 मामलों में वाहन संरचना में अवैध परिवर्तन, 9,271 मामलों में अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 6,753 मामलों में प्रेशर व एयर हॉर्न के खिलाफ कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में एक दिन में 7,447 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 2,577 ब्लैक फिल्म, 1,813 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,173 अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 849 अवैध संशोधन, 603 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 432 प्रेशर व एयर हॉर्न के मामले शामिल हैं।

जिलावार आंकड़ों में दौसा सबसे आगे रहा, जहां 553 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई। इसके बाद जयपुर पश्चिम (534), अजमेर (492), जयपुर यातायात (369), जयपुर ग्रामीण (353), चित्तौड़गढ़ (347) और बांसवाड़ा (303) में कार्रवाई दर्ज की गई।

डीजी ट्रैफिक पालीवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे ब्लैक फिल्म, अवैध हूटर, प्रेशर हॉर्न, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और अनाधिकृत संशोधनों से बचें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।