नैनीताल, 18 जून । नगर पालिका परिषद नैनीताल के सभागार में गुरुपार को स्वनिधि महोत्सव आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्ट्रीट वेंडर्स यानी सड़क पर सामान बेचने वाले लघु विक्रेताओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और महिला और दिव्यांग विक्रेताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण से हुए लाभ पर आधारित “सफलता की कहानी” प्रतियोगिता में कंचन ने प्रथम, केशी राम ने द्वितीय तथा विजय कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.सरस्वती खेतवाल ने की। अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने विक्रेताओं और बैंक प्रबंधकों से आपसी समन्वय के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आह्वान किया। बैंक प्रबंधकों ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा जन-धन योजना की जानकारी दी।
मुख्य प्रशिक्षक चंदन सिंह भंडारी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना और श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में सभी विक्रेताओं को सम्मानित किया गया।
सीएमएम सीमा पांडेय ने बैंक प्रबंधकों और वेंडर्स का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सूडा विभाग से सोनू तिवारी, सीमा कुंवर, अमृत योजना के डीएमएम उमेश जोशी, बैंक प्रतिनिधियों में ललित सिंह, मोहित सिंह, नरेश शर्मा, भूपाल मेहरा, पंकज बिष्ट, हर्ष साह, बब्लू और स्ट्रीट वेंडर्स में केशी राम, विजय कुमार, जमीर अहमद, संजय कुमार, भावना बिष्ट, लक्ष्मी, पुष्पा, सुशीला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।