जयपुर, 18 जून । आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम जयपुर ने आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 जून से मानसून समाप्ति तक शहर में बाढ़ नियंत्रण केंद्र स्थापित कर दिए गए हैं। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न जोनों को कवर करते हुए सात बाढ़ नियंत्रण केंद्र बनाए गए हैं। मानसरोवर बाढ़ नियंत्रण केंद्र के अंतर्गत सांगानेर एवं मानसरोवर जोन, मालवीय नगर बाढ़ नियंत्रण केंद्र के अंतर्गत मालवीय नगर, झालाना एवं जगतपुरा जोन तथा विश्वकर्मा बाढ़ नियंत्रण केंद्र के अंतर्गत मुरलीपुरा एवं विद्याधर नगर जोन शामिल रहेंगे। इसके अलावा खिरणी फाटक फ्लाईओवर के नीचे झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर क्षेत्र के लिए अलग बाढ़ नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। बनीपार्क बाढ़ नियंत्रण केंद्र के अंतर्गत सिविल लाइंस जोन, घाटगेट बाढ़ नियंत्रण केंद्र के अंतर्गत किशनपोल एवं आदर्श नगर जोन तथा आमेर बाढ़ नियंत्रण केंद्र के अंतर्गत हवामहल-आमेर जोन को शामिल किया गया है।
आयुक्त ने बताया कि इन केंद्रीय नियंत्रण कक्षों के अतिरिक्त प्रत्येक जोन कार्यालय पर भी बाढ़ नियंत्रण केंद्र संचालित रहेगा, जिसके प्रभारी संबंधित जोन उपायुक्त होंगे। बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए मड पंप, पंपसेट, मिट्टी के कट्टे तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों, भवनों, उद्यानों, स्ट्रीट लाइटों और बिजली के खंभों के आसपास सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खुले विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त करने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सभी नालों पर फेरो कवर लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आयुक्त ने कहा कि बाढ़ नियंत्रण केंद्रों पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का रजिस्टर में विधिवत दर्ज किया जाएगा और उसके त्वरित निस्तारण के साथ कार्रवाई का समय भी अंकित किया जाएगा। आपात स्थिति में बेहतर समन्वय के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को वायरलेस सेट चालू हालत में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बाढ़ नियंत्रण केंद्रों के संचालन के लिए सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं की तीन पालियों में ड्यूटी लगाई गई है। प्रथम पारी सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, द्वितीय पारी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक तथा तृतीय पारी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कार्य करेगी।
जारी हेल्पलाइन नंबर
मानसरोवर फायर स्टेशन : 0141-2395566, 8764880060
मालवीय नगर फायर स्टेशन : 0141-2755930, 8764880030
विश्वकर्मा फायर स्टेशन : 0141-2330080, 8764880070
खिरणी फाटक बाढ़ नियंत्रण कक्ष : 8764880018
बनीपार्क फायर स्टेशन : 0141-2203518, 8764880120
घाटगेट फायर स्टेशन : 0141-2615550, 8764880058
आमेर फायर स्टेशन : 0141-2531282, 8764880097
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति, जलभराव या दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल संबंधित बाढ़ नियंत्रण केंद्र से संपर्क करें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।