सुधीर शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में किया हवन-पूजन

Share

धर्मशाला, 10 जून । केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, विकास, विश्वास एवं जनकल्याण को समर्पित 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में धर्मशाला से विधायक व दिग्गज भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने खासतौर से हिस्सा लिया।

सुधीर शर्मा ने कहा कि चामुंडा जी मंदिर में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, यशस्वी नेतृत्व तथा अखंड राष्ट्र सेवा के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनकी अगवाई में भारत के निरंतर विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व की नई ऊंचाइयों को छुआ है। सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और दूरदर्शी नेतृत्व का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के लिए भी प्रार्थना की तथा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के संकल्प को दोहराया।

कांग्रेस नेताओं ने की हिमाचल की छवि खराब

सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस नेताओं की भाषा का स्तर बहुत निम्न हो गया है। यह चिंता का विषय है। सुधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा अपनी ही पार्टी के एक पूर्व सीपीएस और प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज भारती को नशेड़ी कहना उनकी निम्न सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे गरिमापूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह की बातें शोभा नहीं देती।