बागपत, 10 जून । जनपद में ग्राम सिसाना के निकट बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बस के अंदर एक युवक का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
कोतवाल बृजेश कुमार ने बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे राहगीरों ने सिसाना के पास खड़ी एक बस में युवक का शव देखा। सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान ग्राम सिसाना निवासी विशंभर के पुत्र रीनू उर्फ डांसर (30) के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।