बिहारीगंज-बीरपुर रेल लाइन को मिलेगी गति ः सांसद पप्पू यादव

Share

पूर्णिया, 01 जून । कोसी-सीमांचल क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित बिहारीगंज-बीरपुर नई रेल लाइन परियोजना को लेकर सकारात्मक पहल के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

उन्होंने कहा कि इस रेल परियोजना की मांग उन्होंने वर्ष 1991 में पहली बार उठाई थी और लगभग 35 वर्षों बाद यह सपना साकार होने की ओर बढ़ रहा है। उनके अनुसार यह रेल लाइन केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक प्रगति का नया आधार बनेगी।

सांसद ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार के लिए प्रस्तावित नई रेल लाइन परियोजनाओं के बीच बिहारीगंज वाया बनमनखी, मुरलीगंज, त्रिवेणीगंज, जदिया, छातापुर और प्रतापगंज होते हुए भीमनगर-बीरपुर तक लगभग 92 किलोमीटर लंबी रेल लाइन को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना का सर्वेक्षण कार्य पहले ही पूरा हो चुका था, लेकिन वर्षों तक जरूरी कार्रवाई नहीं होने से मामला आगे नहीं बढ़ पाया। उन्होंने लगातार रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड के समक्ष इस परियोजना को प्राथमिकता देने की मांग उठाई है।

पप्पू यादव ने कहा कि रेल मंत्री को पत्र लिखने और मुलाकात के दौरान उन्होंने पूर्णिया, बनमनखी, बिहारीगंज और आसपास के क्षेत्रों की रेल जरूरतों को प्रमुखता से उठाया था।

उनका कहना है कि इस रेल लाइन के निर्माण से सुपौल, सहरसा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज सहित पूरे कोसी-सीमांचल क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।