पानीपत में करोड़ों की स्वास्थ्य परियोजनाओं का उदघाटन व शिलान्यास

Share

पानीपत, 29 मई । हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल पानीपत में विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जिला नागरिक अस्पताल पानीपत में 10 करोड़ की लागत से तैयार एमआरआई सेंटर तथा एसएनएसपी क्लीनिक का उद्घाटन भी किया और इनमें पीएचसी काबड़ी पर लगभग 458.55 लाख रुपये तथा पीएचसी सींक पर लगभग 484.76 लाख रुपये की लागत से कार्य करवाए जाएंगे। वहीं एसएचसी परढ़ाना, पाथरी, शाहपुर, खोजकीपुर और भाऊपुर पर लगभग 55.50 लाख रुपये प्रति केंद्र की लागत से निर्माण कार्य किए जाएंगे।

इन कार्यों का निष्पादन जिला परिषद के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव से लेकर शहर तक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी व्यक्ति का इलाज न रुके।

उन्होंने बताया कि जिले में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कुल 88 अस्पताल सूचीबद्ध हैं, जिनमें 24 सरकारी और 64 निजी अस्पताल शामिल हैं।

वहीं लाभार्थी पहचान प्रणाली के तहत जिले में अब तक सात लाख 64 हजार 554 कार्ड बनाए जा चुके हैं। इनमें एसईसीसी श्रेणी के 1 लाख 77 हजार 178, चिरायु योजना के चार लाख 85 हजार 416, चिरायु एक्सटेंशन के 1487, कैशलेस योजना के &166, कैशलेस पेंशनर योजना के 917 तथा वीडब्ल्यूएस योजना के 855 कार्ड शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में अब हर प्रकार की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों की संख्या लगभग एक हजार 800 से दो हजार थी, जिसे बढ़ाकर चार से पांच हजार तक किया गया है। इससे प्रदेश में डॉक्टरों की कमी दूर होगी और स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी।

उन्होंने चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे गरीब बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर स्वास्थ्य जांच करें तथा बीमारी फैलने की आशंका होने पर तुरंत दवाइयां उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर विवेक चौधरी, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, एसडीएम मनदीप कुमार, सीएमओ विजय मलिक, डॉ. केतन भारद्वाज, डॉ. अमित पौरिया, सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।