जयपुर, 28 मई । राष्ट्र सेविका समिति, जयपुर प्रान्त द्वारा आयोजित 15 दिवसीय प्रवेश वर्ग के अंतर्गत गुरुवार को जामडोली क्षेत्र में भव्य पथ संचलन निकाला गया। पथ संचलन शंकर लाल धानुका आदर्श विद्या मंदिर से प्रारम्भ होकर लक्ष्मीनाथ मंदिर, गणेश चौक, बाबा बेकरी, संजय डिपार्टमेंटल स्टोर एवं गिरिराज स्टोर होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में सम्पन्न हुआ।
पथ संचलन में पारंपरिक गणवेश में शामिल सेविकाओं ने अनुशासनबद्ध कदमताल के साथ राष्ट्रभक्ति, संगठन शक्ति एवं भारतीय संस्कृति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। संचलन के दौरान पूरे क्षेत्र में देशभक्ति एवं संस्कारों का वातावरण देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर सेविकाओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सेविकाओं ने मातृशक्ति, सेवा, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश देते हुए समाज में संगठन और जागरूकता का आह्वान किया। उपस्थित नागरिकों ने भी सेविकाओं के अनुशासन एवं उत्साह की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि केशव विद्यापीठ, जामडोली में 17 मई से 31 मई 2026 तक राष्ट्र सेविका समिति का 15 दिवसीय प्रवेश वर्ग आयोजित किया जा रहा है। वर्ग में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आई सेविकाएँ सहभागिता कर रही हैं। वर्ग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विकास हेतु विविध प्रशिक्षण एवं गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। वर्ग में 92 शिक्षार्थी एवं 43 कार्यकर्ता सहित कुल 121 सेविकाएँ उपस्थित हैं।
प्रवेश वर्ग कार्यवाहिका वंदना गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि पथ संचलन का उद्देश्य समाज में राष्ट्रभक्ति, संगठन शक्ति एवं मातृशक्ति के महत्व का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समिति निरंतर समाज जागरण एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।