धर्मशाला, 28 मई । जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत एक कुख्यात एवं सजायाफ्ता अपराधी को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पालमपुर पुलिस थाना के तहत पुलिस ने कमलजीत पुत्र भारत भूषण निवासी गांव खिलडू, डाकघर बिन्द्रावन, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा, उम्र 32 वर्ष को 16.19 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में उक्त आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस थाना पालमपुर की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी कमलजीत उपरोक्त, अपनी पिकअप गाड़ी नंबर एचपी-67-8270 में चिट्टा छुपाकर ग्राहकों को बेचने की फिराक में है तथा उसने अपनी गाड़ी हनुमान मंदिर से नीचे वार्ड नंबर-10, नगर निगम मारंडा की ओर जाने वाली सड़क के किनारे बांस के झुरमुट के पास खड़ी कर रखी है।
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम ने त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में मौका पर दबिश देते हुए उक्त गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चालक सीट के दाहिनी ओर बने पिल्लर के अंदर विशेष रूप से छुपाकर रखा गया 16.19 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन को भी कब्जे में ले लिया।
एसपी कांगड़ा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कमलजीत एक कुख्यात अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं। इनमें थाना पालमपुर में 26 जून 2016 को आरोपी के कब्जे से डेढ़ किलो चरस बरामद हुई थी। उक्त मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय कांगड़ा स्थित धर्मशाला द्वारा 20 जनवरी 2020 को आरोपी को 11 वर्ष के कठोर कारावास एवं एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी। बाद में आरोपी को 24 नवम्बर 2024 को उच्चतम न्यायालय से जमानत प्राप्त हुई थी। सजायाफ्ता होने तथा न्यायालय से जमानत पर होने के बावजूद आरोपी की लगातार अवैध नशा कारोबार में संलिप्तता सामने आ रही थी, जिसके चलते पुलिस द्वारा उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।