बिजली आपूर्ति को लेकर की डीएम ने की ऑनलाइन मीटिंग, 4 घंटे में बिजली चालू करने का दिया गया अल्टीमेटम

Share

भागलपुर, 27 मई । बीते 25 मई के देर रात्रि में आए चक्रवात तथा पुनः 26 मई के रात्रि में आई तेज बारिश और आंधी में बाधित हुए बिजली आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी ने बुधवार को बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता, भागलपुर के तीनों डिवीजन के कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता, नगर आयुक्त भागलपुर नगर निगम, तीनों अनुमंडल पदाधिकारी तथा संबंधित पदाधिकारी के साथ ऑनलाइन बैठक की।

बैठक में उन्होंने बारी-बारी से भागलपुर कहलगांव एवं नवगछिया के कार्यपालक अभियंता विद्युत से बिजली की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

बताया गया कि अलीगंज फीडर में युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। सबौर के लोदीपुर में भी तीन पोल और गाड़ना बाकी है, नाथनगर क्षेत्र में बिजली के तार पर ताड़ के पेड़ गिर गया है, जिसे रिस्टोर किया जा रहा है। नवगछिया के शहरी क्षेत्र में बिजली चालू है। गोपालपुर के कुछ इलाके तथा बिहपुर और खरीक में फीडर में तथा बिजली के पोल की समस्या है।

मुंगेर और कटिहार से भी टीम आ रही है। मिरजान हाट में भी युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। बीजीपी वन फिडर का कंडक्टर गिर गया है, जो 2 घंटे में ठीक हो जाएगा।

बैठक में बताया गया कि बीते देर रात्रि तक कई जगह बिजली रिस्टोर का काम पूरा कर दिया गया था। लेकिन पुनः रात्रि में तेज आंधी और बारिश के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। संबंधित क्षेत्र में युद्ध स्तर पर काम चल रहा है।

डीएम ने अल्टीमेटम देते हुए 4 घंटे के अंदर संपूर्ण भागलपुर में बिजली आपूर्ति सुचारु कर देने का निर्देश अधीक्षण अभियंता को दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर टीम बढ़ानी पड़े तो समीप के जिले से टीम मंगवाया जाए। लेकिन किसी भी हाल में दिन के 1.00 बजे तक सभी इलाकों में बिजली आ जानी चाहिए।

डीएम से वार्ता होने के उपरांत विद्युत विभाग के एम डी स्वयं अभियंताओं की टीम के साथ पटना से भागलपुर हेलीकॉप्टर से पहुंच रहे हैं। वे डेढ़ घंटे में भागलपुर पहुंच जाएंगे और यहां तब तक रहेंगे जब तक पूरे भागलपुर में बिजली आपूर्ति चालू नहीं हो जाती है। तत्काल संबंधित क्षेत्र में लोगों को टैंकर से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश नगर निगम और पीएचईडी को दिए गए हैं।